Wednesday, December 21, 2011

मुख्यमंत्री दे इस्तीफा: बिश्रोई

चंडीगढ़, 21 दिसंबर। हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मंगलवार को माननीय हाई कोर्ट के फैसले से मेरा और आम आदमी का न्यायपालिका के प्रति विश्वास बढ़ा है। हम न्यायालय के ऐसे फैसले को सलाम करते हैं और हमें उम्मीद है कि इस मामले में माननीय अदालत जल्द ही न्याय संगत फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेशों के मुताबिक हजकां से असंवैधानिक तरीके से दलबदल कर कांग्रेस में जाने वाले पांचों विधायकों की गिनती कांग्रेस विधायकों में न होने से कांग्रेस की राज्य सरकार अल्पमत में आ गई है इसलिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा तुरंत त्याग-पत्र दें और पांचों दलबदलू विधायकों को भी कैबिनेट मंत्री व मुख्य संसदीय सचिव जैसे उच्च पदों से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले के अनुसार पांचों विधायक विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे इसलिए उनके मंत्री व अन्य पदों पर बने रहने का कोई औचित्य ही नहीं रहता। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि यदि भूपेंद्र हुड्डा ऐसा नहीं करते तो महामहिम राज्यपाल महोदय राज्य सरकार को बर्खास्त करे। उन्होंने कहा यदि इन्हें बर्खास्त नहीं किया गया तो मामले को लेकर जल्द ही माननीय राज्यपाल महोदय से मिलेंगे। हजकां अध्यक्ष ने कहा कि माननीय अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष को मामले की सुनवाई व फैसले के लिए समय निर्धारित किया है और इससे स्पीकर द्वारा मामले को लेकर बरती जा रही ढील पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि हांसी, नारनौल, असंध, समालखा व दादरी हलके की जनता व गठबंधन कार्यकर्ता विधानसभा उपचुनाव के लिए तैयार रहे।

0 comments:

Post a Comment